सारा संसार ईश्वर में ही समाहित है-आचार्य राम जी पाण्डेय...
बाराबंकी (नगर संवाद)। असंदरा थाने की ग्राम पंचायत जरौली में श्रीमद भगवत गीता ज्ञान यज्ञ के छठे दिन चित्रकूट धाम से पधारे सुविज्ञ कथा मर्मज्ञ -आचार्य रामजी पांडे ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करके ज्ञान की अविरल गंगा प्रवाहित की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा -योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते हैं संसार भ्रम की झाड़ी है, जो जितना इसमें आशक्त रहते हैं, उनका समूचा जीवन निरर्थक हो जाता है। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया की भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को गीता के माध्यम से संपूर्ण ज्ञान प्रदान करते हुये गीता जैसे अद्वितीय ग्रंथ का अवतरण किया। जिसकी एक एक पंक्तियां मनुष्य को बौद्धिक और आध्यात्मिक चेतना प्रदान करती हैं।भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन से निष्काम कर्म करते हुए फल परमात्मा पर छोड़ने का उपदेश देकर समूची सृष्टि को अपने विराट स्वरूप में दिखाया। जिससे अर्जुन का मोह भंग हुआ और न्याय और धर्म की स्थापना हुई।आचार्य श्री रामजी पांडे जी ने आगे बताया कि सारा संसार ईश्वर में ही समाहित है। इसलिए परमात्मा से परे समूचा चिंतन अकारथ है। सिद्ध पीठ बाबा प्यारेदास की धर्म स्थली पर चल रही इस अद्वितीय कथा पर उपस्थित सभी जन समूह का महंत रामदास जी ने हृदय से आभार प्रकट किया।इस धर्मिक कार्य में ग्राम पंचायत के सभी गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी पूरी भागीदारी निभाई।